" ज़िन्दगी, तुम्हारे लिए!

सोमवार, 5 फ़रवरी 2024

प्रेमी की पत्नी के नाम

 

कुछ भी नहीं सोचती मैं

तुम्हारे बारे में

न ही लेती हूँ

कोई इल्ज़ाम अपने सर.

न सुन पायी उसके मुँह से

कभी अपना नाम सरे राह

न ही हुई कभी हमबिस्तर

जब-जब तुम्हें लगा

कि तुम झमेलों में हो

मैं शिकन हटाती रही

उस माथे की

जिस पर बोसा

बस तुम्हारा हुआ.

तुम्हारा अधूरा प्रेम बनकर

नहीं मिला कभी वो मुझे,

वरन एक शिशु की तरह

जिसे माँ चाहिए

एक विद्यार्थी बनकर

जो शिक्षा की खोज में हो

उसे बुद्ध बनना है प्रेमी नहीं

वो मुझ तक

पुरुषार्थ लेकर नहीं आया,

अपने अंदर का पुरुष

हर बार

वह छोडकर तुम्हारे पास

आया यहाँ

जैसे नदी का पानी

जाता तो है समंदर तक

पर नदी लेकर नहीं

तुम भीगती हो उसमें

मैं तो बस भागती हूँ

हमारी कहानी में

कोई इच्छा नहीं है

कोई चेष्टा नहीं है

प्रत्याशा भी नहीं

एक संयोग से उपजी हुई

कोई पृष्ठभूमि जैसा

कुछ घटा हमारे मध्य

जैसे मिल जाती है

प्रतीक्षा की पीड़ा

किसी-किसी देहरी को

कैसे बाँध सकती हो तुम मुझे

घृणा के बंधन में

मेरी और तुम्हारी तुलना ही क्या

तुम तो

मेरे प्रणय काव्य के सौंदर्य का प्रत्येक भाग भी

स्वयं पर अनुभव कर रही होगी

और वो मेरे लिए

मेरे सुख के दिनों की कविता

एवं पीड़ा में प्रतीक्षा बन पाया

बस इतना सा आत्मसात किया मैनें उसे

अपने भीतर

फिर भी

वो कमीज पर लगा

कोई लिपिस्टिक का दाग नहीं

जो धोकर गायब कर दूँ,

हर शब्द में भाव बनकर

समाहित हो गया है मुझमें

मैं नहीं माँगने आयी किसी दरवाजे पर

‘आज खाने में क्या बना लूँ'

कहने का अधिकार

तुम भी मत चाहना कि मैं

उस पर उड़ेल दूँ 'विदा का प्यार’


मेरा भविष्य

मेरी देह के आकर्षण पर नहीं

शब्दों की संगत पर है

अश्रुओं का उल्कापात नहीं

पलाश की अनल बरसने दो

उसके लाये हुए हर पारिजात को

तुम्हारे चरणों की रज मिले


शनिवार, 27 जनवरी 2024

नुक्ते भर प्रेम




वह पहाड़ियों की ढलान से
भेड़ें हाँककर आता है
और वह उसे पश्मीना ओढ़ा देती है
वह खाली गिलास की ओर देखता है
वह पानी लिए हाज़िर होती है
वह पाँवों की उँगलियों को भीतर की ओर मोड़ता है
वह देह सहित बिछ जाती है
कब, कहाँ, किसमें, कैसे, कितना है
दोनों ही नहीं जानते
मगर यह इश्क़ में क के नीचे
जो नुक्ते भर इश्क़ है न
वह इन्हीं जैसों की बदौलत है

यह जो पहाड़ है न
कोई किताब हो जैसे
और तुम्हारे शब्द
गोया पहाडियों पर फैली भेड़े

गुरुवार, 11 जनवरी 2024

तम्बू से रामलला महल में आयेंगे

 तम्बू से जब उठे लला अपने महल में आयेंगे

आयेंगे जो महल में संग सिया को भी लायेंगे

लायेंगे जो सिया को दुलारे हनुमंत भी आयेंगे

आये हनुमंत तो अयोध्या के भाग खुल जायेंगे



Get paid to take surveys. Download the app here: https://attapoll.app/join/wtwpx


मिथिला की दुलारी है जनक की प्राण प्यारी

जनक पियारी अब है अयोध्या की उजियारी

रघुनन्दन सनेही के लिए, दीये हम जलायेंगे

जलायेंगे जो दीये तो संग फाग भी मनायेंगे


सह गये सारे ही कष्ट आया समय विशिष्ट

आया समय विशिष्ट, भाग प्रधान लिखे परिशिष्ट

लिखी जो परिशिष्ट करा दो दाखिल ख़ारिज

करो दाखिल ख़ारिज, माने उसे मौलाना, पुजारी, प्रीस्ट


सोचो हर सनातनी के भाग खुल जायेंगे

तम्बू से रामलला महल में आयेंगे


बुधवार, 13 दिसंबर 2023

संक्षेप में जीवन

•जन्म क्या है
“ब्राँड न्यू एप का लाँच”

•बचपन क्या है
टिक टाक वीडियो

•बुढ़ापा क्या है
"पुराने एप का नया लोगो”

•कर्म क्या हैं
“ट्रैश”

•मृत्यु क्या है
“ट्रैश का ऑटो डिलीट”

•संसार क्या है
“ईश्वर की लैबोरेटरी”

मंगलवार, 12 सितंबर 2023

लेखक: एक योद्धा

एक लेखक
योद्धा होता है विचारों का
उसके रगों में दौड़ती है विद्युत
इतनी ही चपलता से
जैसे कोई अश्व दौड़ रहा हो युद्ध भूमि में
विरोधी सेना को परास्त करने के उद्देश्य से

रण क्षेत्र में विरोधी सेना होती है
एक समूचा, संगठित विपक्ष
जबकि लेखक के युद्ध में
उसे पार पाना होता है अपने ही उन विचारों से
जिन्हें वो स्वयं हाशिये पर रखना चाहता है

एक लेखक नहीं लिख पाता मन की यथावत
क्योंकि वो एक विचारक भी है
और लोगों की अपेक्षा में दृष्टा भी
वो परिष्कृत करता है भावनाओं को
उन्हें विचारो का मूर्त रूप देने के लिए

छिद्रों से बने एक घड़े सा मस्तिष्क
तरल-तरल बहता बहता है समाज में
और ठोस वो स्वयं में रखता जाता है
कभी-कभी इतना भर जाता है लेखक
कि इस नियम को धता बता देता है
'लेखक को अवसाद नहीं होता
लेखक आत्महत्या नहीं करता'

योद्धा भी तो मारा जाता है.

रविवार, 10 सितंबर 2023

हमारे रास्ते


यूँ ही अलग अलग रास्तों से
फिर कभी मिल जायेंगे

तुम जम्हाई बोना मेरे चेहरे पर
अपने पास बिठा लेना
हम ख़्वाब में भी बस तुम्हें
हाँ तुम्हें गुनगुनायेंगे

वो जो कविता गायी थी
तुमने एक रोज मेरे लिए,
उसके सुरों से एक सड़क बनायी है
उसके इर्द-गिर्द तन्हाई बिछायी है
हम चलेंगे एक दिन उस सड़क पर
साथ-साथ

यूँ ही अलग अलग रास्तों से
फिर कभी हम मिल जायेंगे

संगीत के सादा नोट की तरह

मेरी पहली पुस्तक

http://www.bookbazooka.com/book-store/badalte-rishto-ka-samikaran-by-roli-abhilasha.php