" ज़िन्दगी, तुम्हारे लिए!

मंगलवार, 9 मार्च 2021

विश्वास का तारा

अँधेरे जब हँसते हैं

तो बहुत ज़ोर ज़ोर से हँसते हैं

बिल्कुल तुम से

मैं उस हँसी को महसूसने के लिए

पूरा दिन एक पैर पर चलकर

चलते-चलते निकाल देती हूँ

फिर भी उजालों से

कोई शिकायत नहीं करती कभी

और तुम आते भी हो तो

मौन के रेशमी सूत में लिपटकर...

एक हठ से धुला रहता है तुम्हारा चेहरा.

तुम्हारा मौन टूटना कहीं मुश्किल है

आकाश में विश्वास का तारा टूटने से.

रविवार, 7 मार्च 2021

कान्हा की कलाएँ और देह त्याग

 प्रतिपदा में चित्तवृत्ति

अंगदा प्रवृत्ति हो

पूर्णिमा का पूर्णामृत

देह तेरी वृत्ति हो.


प्रभास क्षेत्र सोमनाथ

देह छोड़ चंचला

वाणी मादक, गन्ध मादक

द्वैत भाव हर गया



:ऊपर की चार लाइन में कान्हा की चार कलाएँ हैं जिन पर राधा मर मिटी थी. नीचे वर्णित है कान्हा ने सोमनाथ के प्रभास क्षेत्र में देह त्याग किया था. इससे पहले उन्होंने द्वैत भाव पर एकाकार की भावना संचारित की थी.

शनिवार, 6 मार्च 2021

ऐ मेरी ख़्वाहिश!

 ऐ मेरी ख़्वाहिश!

आ पहना दूँ तेरे पाँवों में झाँझर

तो जान लिया करुँगी तुझे आते-जाते

तू जाना तो उन तक जाना

और आना भी तो बस उनकी होकर.


ऐ मेरी ख़्वाहिश!

आ तेरी दीद में दूँ सिंहपर्णी की झलक,

वो बदल देते हैं मिजाज़ अपना

मौसम की तरह

तू रख आना उनकी आँखों पर बोसा.


ऐ मेरी ख़्वाहिश!

आ तुझे लिबास दूँ सरहद की वर्दी

जो क़ुबूल हो इश्क़ में मेरी शहादत

तो तू बदल आना उनकी भी

सुस्त रहने की आदत.


ऐ मेरी ख़्वाहिश!

जो मैं टूट जाऊँ जीते-जीते

तू उनकी ऐसे हो जाना

जैसे मेरी थी ही नहीं कभी

बाँसुरी बन जाना उनके होठों की

उनको रिझाना, के बाक़ी न रहे उनके पास

दिल टूटने का कोई बहाना;

साये से जुदा मेरी मौत कहाँ मुमकिन

मैं आऊँगी फिर से

एक और ज़िन्दगी के लिए

लेकर आऊँगी सुकून की झप्पी

तब मुझे दिलाना उनकी चिरायु झलक.

बस एक उनकी ही तो ज़िद है मुझको

न उनके जैसा कोई होगा

न उनसे अलग कोई चलेगा

शुक्रवार, 5 मार्च 2021

गहन दुःख की स्मृति

 जब कभी गुज़रोगी मेरी गली से

तो मेरी पीड़ा तुम्हें किसी टूटे प्रेमी का

संक्षिप्त एकालाप लगेगी

पूरी पीड़ा को शब्द देना कहाँ सम्भव?

मैंने तो बस इंसान होने की तमीज़ को जिया है

अपनी कविताओं के ज़रिए...

मन के गहन दुःख को जो व्यक्त कर सकें

वो सृजन करने का मुझमें साहस कहाँ?

डूबते सूरज की छाया में मैं मरघट लिखूँगा

तुम अपने स्मित की अंतिम स्मृति पढ़कर चली जाना.

बुधवार, 3 मार्च 2021

सुहाग धरा का

 


मेरी कविताएँ मेरी प्रार्थना

 


मेरी कविताएँ

छोटी-छोटी चिट्ठियाँ हैं

कभी सुबह के नाम

कभी अँधेरों के नाम

कभी दर्द-ख़ुशी के नाम

...और सभी ईश्वर के नाम

तुम इनमें से चुन लेना

मेरी प्रार्थना का समवेत स्वर

जो बस तुम्हारे लिए है.

रविवार, 14 फ़रवरी 2021

आई लव यू

 

जब भी उदासी पढ़ती हूँ तुममें

देख लेती हूँ मुस्कुराते हुए तुम्हारे चित्र

बचपन के भी...कोशिश करती हूँ

तुम्हें पहचानने की अपनी आँखों से

प्रेम में आँखें कभी झूठ नहीं बोलतीं

मेरा 'आई लव यू' तुम्हारे लिए

तुम्हारी उपस्थित अनुपस्थिति में

बहुत से पीड़ादायक पलों को परे कर

हर्ष की अनुभूति में लिपटा एक बोसा.

मेरी भोर की नींद तुमसे मिलने को

उचटने जो लगी है...

मेरी हिचकियों में भी अब तुम्हारी स्मृति नहीं

प्रेम कविताओं में पगे पल रहने लगें हैं

आज दे रही हूँ तुम्हें प्रेम में पगे ढाई आखर.

मेरी पहली पुस्तक

http://www.bookbazooka.com/book-store/badalte-rishto-ka-samikaran-by-roli-abhilasha.php